राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने मंगलवार को एक बार फिर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात की।
इसके बाद सियासी गलियारों में एक बार फिर अमर सिंह के सपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जाने लगी हैं।
हालांकि अमर सिंह अपने ही अंदाज में कहते हैं, ‘...हंगामा है क्यों बरपा, मुलाकात ही तो की है, डाका तो नहीं डाला, चोरी तो नहीं की है...।’
15 दिन में दूसरी मुलाकात
अमर सिंह इससे पहले 5 अगस्त को गोमतीनगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के लोकार्पण के मौके पर मुलायम से मिले थे। 15 दिन के भीतर ही मंगलवार को उन्होंने एक बार फिर सपा मुखिया से मुलाकात की।
एयरपोर्ट से सीधे वे शिवपाल सिंह यादव के आवास पर पहुंचे। यहां नाश्ते पर दोनों की आधे घंटे से अधिक बातचीत हुई। अमर सिंह वहां से मुलायम सिंह के आवास पर गए, जहां मुलायम के साथ ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भी उनकी मुलाकात हुई। यहां काफी देर तक तीनों की बातचीत हुई।
यहां से अमर सिंह जब गोमतीनगर स्थित अपने आवास ‘ऐश्वर्या’ पहुंचे तो पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया। अमर सिंह ने कहा कि मुलायम के साथ उनके पारिवारिक रिश्ते हैं। शिवपाल से उनकी मुलाकात कभी बंद नहीं हुई। मुलायम, शिवपाल व अखिलेश जब भी उन्हें बुलाएंगे, वे जरूर मिलने आएंगे।
अभी तो लंदन और कनाडा जा रहा हूं
अमर सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद भी शंकर सिंह वाघेला को नहीं भूल पाए हैं। हाल ही उन्होंने संसद में दिए भाषण में वाघेला का जिक्र किया था।
ऐसे में वे अपना अतीत कैसे भूल सकते हैं। उन्होंने कहा कि भूगोल तो बदला जा सकता है लेकिन इतिहास नहीं बदला जा सकता है।
अमर सिंह ने कहा कि उनकी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है। शरीर व मन से दोनों से टूटे हुए हैं।
सपा के कोटे से राज्यसभा जाने के सवाल पर अमर सिंह ने कहा कि वे 21 अगस्त को लंदन, 25 को वहां से कनाडा, 30 को कनाडा से दुबई व इसके बाद बुडापेस्ट (हंगरी) जाएंगे।
मुलाकात पर कुछ नहीं बोले अमर
मुलायम, शिवपाल व अखिलेश से हुई मुलाकात के बारे में कुरेदने पर अमर सिंह ने कहा कि इसका आकलन आप लोग खुद कीजिए। काफी देर तक अंतरंग व निजी बातें हुई हैं।
इसको सार्वजनिक करने का अधिकार मुलायम, शिवपाल या फिर अखिलेश को ही है। वे नटवर सिंह तो हैं नहीं जो निजी मुलाकात व बातचीत पर किताब लिख दें या फिर पत्रकारों को बता दें।
पहल शिवपाल ने की है, वे भी आगे बढ़े हैं...
अमर सिंह ने कहा कि इन मुलाकातों की पहल शिवपाल ने की है। शिवपाल कुछ समय पहले उनके यहां एक भोज पर आए थे और तीन घंटे साथ रहे। इसी पहल के बाद वे आगे बढ़े हैं और सबसे पहले उनके आवास पर ही गए।