मलिहाबाद। एक गांव की युवती ने शाहनवाज पर धर्मांतरण दबाव बनाने और यौन शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर मलिहाबाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों में शाहनवाज के दो भाई भी शामिल हैं।
पीड़िता ने बताया कि 2021 में वह नाबालिग थी और कक्षा-11 की छात्रा थी। शाहनवाज स्कूल आते-जाते उसका पीछा करता था। लोकलाज के कारण उसने परिजनों को इसकी शिकायत नहीं की। आरोपी ने एक दिन उसके घर के बाहर सिंदूर से मांग भर दी। आरोपी ने उसकी फोटो खींच ली और उसी के आधार पर धमकाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पाक होने के लिए कही बुर्का पहनने की बात
युवती ने आरोप लगाया कि शाहनवाज ने उसे पाक होने के लिए धर्मांतरण करने और बुर्का पहनने के लिए कहा। उसने जबरन कलमा भी पढ़ा दिया। विरोध करने पर शाहनवाज के भाई सिराज और शाहरुख ने उसे जाति सूचक गालियां दीं। आरोपियों ने धर्मांतरण कराने के लिए मौलाना बुलाने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने बताया कि 24 सितंबर को मामले का वीडियो बनाकर उसने थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।