लखनऊ। केजीएमयू रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने चिकित्सा शिक्षा महानिदेशालय (डीजीएमई) की ओर से जारी मेडिकल पीजी बांड की सीट मैट्रिक्स में गड़बड़ी का आरोप लगाया है और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
केजीएमयू रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅ. दिव्यांश सिंह ने कहा कि पूर्व में जारी सूची में अभ्यर्थियों की रैंक बदली हुई थी। विरोध के बाद नई सूची जारी की गई, लेकिन अब केजीएमयू, पीजीआई और लोहिया जैसे प्रमुख संस्थानों की वास्तविक सीटों की संख्या काफी कम दिखाई जा रही है। इसका मकसद सरकारी संस्थानों के डाॅक्टरों को दूरदराज के क्षेत्रों में भेजकर निजी कॉलेजों के उम्मीदवारों को उनके स्थान पर तैनाती देना है। एसोसिएशन ने मांग की है कि सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध 100 फीसदी एसआर सीटों को शामिल करते हुए पारदर्शी मैट्रिक्स तुरंत जारी की जाए। इस मामले की न्यायिक समीक्षा और स्वतंत्र जांच भी कराई जाए।