विधान परिषद में सदस्यों के शोरशराबे के बीच प्रमुख सचिव विधान परिषद ने दो अध्यादेशों राज्य विश्वविद्यालय (द्वितीय संशोधन) और अल्पसंख्यक आयोग (संशोधन ) को सदन की मेज पर रखा।
इसके अलावा उन्होंने सदन को यह सूचना दी कि राजभवन भेजे गए 10 विधेयकों को राज्यपाल की मंजूरी मिल गई है।
ये बने अधिनियम
प्रमुख सचिव विधान परिषद नरेन्द्र कुमार चौबे ने सदन को बताया कि उत्तर प्रदेश विनियोग (2013-2014 का अनुपूरक) विधेयक, लोकसेवा अधिकरण (संशोधन) विधेयक, चिकित्सा परिचर्या सेवा कर्मी और चिकित्सा परिचर्या सेवा संस्था विधेयक, गोसेवा आयोग (संशोधन) विधेयक, मूल्य संवर्धित कर (संशोधन), उ.प्र. राज्य महिला आयोग (संशोधन), ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान परिषद परिषद सैफई (संशोधन), प्राविधिक विश्वविद्यालय (संशोधन), मदनमोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विवि, सोसाइटी रजिस्ट्रीकरण (उ.प्र. संशोधन) विधेयक राज्यपाल की अनुमति मिलने के बाद अधिनियम बन गए हैं।
आज बैठक नहीं
विधानसभा अध्यक्ष माताप्रसाद पांडेय की अध्यक्षता में हुई कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में 10 दिसंबर तक का कार्यक्रम तय किया गया। अंबेडकर निर्वाण दिवस के चलते आज यानी 6 दिसंबर को बैठक नहीं होगा।
7-8 दिसंबर को शनिवार व रविवार है। 9 दिसंबर को अनूपूरक बजट पेश किया जाएगा और 10 दिसंबर को बजट पर चर्चा होगी। 10 दिसंबर को कार्य मंत्रणा समिति की बैठक पुन: होगी।
सूत्रों के अनुसार 6 दिसंबर की बैठक टल जाने की वजह से सत्र 12 दिसंबर तक चल सकता है। पूर्व में कार्यक्रम के अनुसार सदन की बैठकें 6, 9,10 व 11 दिसंबर को होनी थी।
मुख्यमंत्री के पहुंचते ही बत्ती गुलमुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लगभग 10.50 बजे जैसे ही विधानसभा में कदम रखा बत्ती गुल हो गई। हालांकि तुरंत ही दूसरे स्रोत से आपूर्ति चालू कर दी गई। सदन में बहुत सी लाइटें काफी देर तक बंद रहीं।
सदन में पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने विपक्षी और सत्ता पक्ष के सदस्यों का अभिवादन किया। कार्यवाही शुरू होने से पहले मंत्रियों व विधायकों में मुख्यमंत्री से मिलने की होड़ लगी रही।