डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) ने अपने यहां पढ़ने वाले 2.50 लाख स्टूडेंट्स को बड़ी राहत दी है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन के निर्देश के क्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए सत्र 2020-21 में किसी तरह की फीस वृद्धि न करने का निर्णय लिया है। यहां पिछले साल लागू शुल्क ही लगेगा।
विश्वविद्यालय में शासन की ओर से हर तीन साल में शुल्क निर्धारण के लिए प्रवेश एवं फीस नियमन समिति की बैठक होती है। इसमें कॉलेजों की फीस बढ़ाने व पुनर्निर्धारण आदि के प्रस्ताव पर मुहर लगती है। इस साल मार्च से कोरोना संक्रमण के कारण हुए लॉकडाउन और उसके बाद पैदा हुई समस्याओं की वजह से लोगों को काफी आर्थिक संकट झेलना पड़ा है।
यही वजह है कि स्टूडेंट्स लगातार शुल्क माफ करने और पिछले सत्र में हॉस्टल आदि का प्रयोग न करने के कारण उसे एडजस्ट करने की मांग कर रहे हैं। स्टूडेंट्स इसके लिए बाकायदा सोशल मीडिया पर एक मुहिम चला रहे हैं कि जब संस्थान चार महीने से बंद हैं तो उनका बिजली, मेंटेनेंस आदि का तो कुछ खर्च हुआ नहीं। क्यों नहीं इसका लाभ स्टूडेंट्स को दिया जाना चाहिए। जिनके परिजन को इस दौरान आर्थिक समस्याओं से दो-चार होना पड़ा है।