फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एकेटीयू-केजीएमयू मिलकर सुधारेंगे बेटियों की सेहत

Fri, 03 Jan 2020 04:17 AM IST
दुष्यंत शर्मा अक्षय कुमार, लखनऊ
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Social Media
विज्ञापन

प्रदेश के दो बड़े शिक्षण संस्थान एकेटीयू और केजीएमयू मिलकर बेटियों की सेहत सुधारेंगे। इसके तहत विश्वविद्यालय व कॉलेजों में खून की कमी से पीड़ित (एनीमिक) बेटियों का डाटा जुटाने के साथ ही उनकी जांच और उन्हें इसके प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

विज्ञापन


यूपी में भारी संख्या में एनीमिक बेटियां हैं, लेकिन किसी भी संस्थान के पास इसका पूरा डाटा नहीं है। इसे लेकर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बेहद गंभीर हैं। उन्होंने एकेटीयू व केजीएमयू को इन बेटियों की सेहत सुधारने की जिम्मेदारी दी है। 

इसके बाद एकेटीयू ने एक मोबाइल एप विकसित किया है। इसमें खून की कमी से पीड़ित बेटियों की जानकारी एकत्र की जाएगी। राज्यपाल 13 जनवरी को एकेटीयू में ‘जान है तो जहान है’ कार्यक्रम में यह एप लॉन्च करेंगी। इसी विषय पर एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी। बाद में बेटियों को जागरूक किया जाएगा कि वे किस तरह खून की कमी को दूर कर सकती हैं। 
विज्ञापन


एकेटीयू के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि एप से मिले आंकड़े के बाद केजीएमयू आगे की रणनीति बनाएगा कि किस तरह बेटियों को एनीमिक होने से बचाया जा सके। 

राज्यपाल के निर्देशानुसार कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में बेटियां और उनके अभिभावक आएं, इसके लिए राजधानी के सभी विश्वविद्यालयों व कॉलेजों को आमंत्रित किया जा रहा है। वहीं, यह भी प्रयास किया जा रहा है कि कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग हो। जिसे ज्यादा से ज्यादा संबद्ध कॉलेजों में लाइव किया जा सके। इस कार्यक्रम के दौरान 30 कॉलेज सीधे संपर्क में रहेंगे।

यूपी में 56 फीसदी बेटियां एनीमिक
विवि की डॉक्यूमेंट्री में बताया गया है कि देश में सर्वाधिक एनीमिक बेटियां महाराष्ट्र में हैं। वहीं, यूपी 56 फीसदी एनीमिक बेटियों के साथ चौथे नंबर पर है। हालांकि आदिवासी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 90 फीसदी तक पहुंच जाता है। प्रो. पाठक ने बताया कि डब्ल्यूएचओ व यूनीसेफ के डाटा के आधार पर बेटियों को इससे बचाने के लिए एक कार्ययोजना बनाई जाएगी। 

एकेटीयू की वेबसाइट पर शुरू होगा चैट बोर्ड
प्रो. पाठक ने बताया कि एप लॉन्चिंग के मौके पर राज्यपाल चैट बोर्ड शुरू करेंगी। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के माध्यम से विवि छात्र सुविधाओं के क्रम में यह अनूठा प्रयोग करने जा रहा है। इसके लिए विवि की वेबसाइट के कोने में चैट बोर्ड का विकल्प होगा। कोई भी विद्यार्थी 24 घंटे 7 दिन इस पर अपनी समस्या लिखकर जवाब पा सकेंगे। हालांकि जो समस्याएं त्वरित निस्तारित नहीं हो सकेंगी। उसकी सूचना निस्तारण के बाद मेल व मैसेज के जरिये दी जाएगी। 
 
राज्यपाल करेंगी जनसुविधा केंद्र का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल एकेटीयू में विद्यार्थियों के लिए जनसुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगी। साथ ही एकेटीयू में निदेशक आवास, बैंक और डाकघर बिल्डिंग का भी उद्घाटन होगा। जिससे आसपास के लोग भी बैंक व डाकघर की सुविधा का लाभ ले सकेंगे। मौजूदा समय में प्रशासनिक भवन में ही डाकघर चल रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें