डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में बीटेक को छोड़कर अन्य यूजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग 28 जुलाई से शुरू होगी। यह प्रवेश काउंसिलिंग भी चार चरणों में होगी। इसमें प्रवेश केंद्रीय यूनिवर्सिटी इंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) की मेरिट से होंगे। वहीं सोमवार से ही बीटेक में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।
सोमवार को कुलपति प्रो. जेपी पांडेय की अध्यक्षता में केंद्रीय प्रवेश समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। सीयूईटी के तहत बीआर्क, बीएचएमसीटी, बीएफए, बीफैड, बीडेस, बीटेक लेटरल, बीफार्मा लेटरल, एमबीए इंटीग्रेटेड, एमसीए इंटीग्रेटेड में प्रवेश होगा। यूजी कोर्स की प्रवेश काउंसिलिंग जहां 28 जुलाई से शुरू होगी। वहीं, एमबीए और एमसीए की काउंसिलिंग अगस्त के पहले सप्ताह से होगी।
यूजी में प्रवेश के लिए कश्मीरी माइग्रेंट और एनआरआई के लिए रजिस्ट्रेशन 28 जुलाई से शुरू होंगे और प्रवेश काउंसलिंग 11 और 12 अगस्त को होगी। यूजी प्रवेश काउंसिलिंग से प्रदेश के 12 राज्य विश्वविद्यालयों में भी प्रवेश होगा।
प्रो. पांडेय ने बताया कि ओबीसी और ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के समय ही अपना मान्य प्रमाण पत्र देना होगा। जल्द ही काउंसिलिंग के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। बैठक में विशेष सचिव अन्नावि दिनेश कुमार, कुलसचिव जीपी सिंह, प्रति कुलपति प्रो. मनीष गौड़, एफओए की प्राचार्या प्रो. वंदना सहगल, प्रवेश समन्वयक प्रो. अरुण कुमार तिवारी, उपकुलसचिव डॉ. आरके सिंह, अभिषेक नागर आदि उपस्थित थे।
बीफार्मा की काउंसलिंग सितंबर में
विश्वविद्यालय प्रशासन इस बार बीफार्मा की प्रवेश काउंसिलिंग सितंबर में कराएगा। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) ने फार्मा संस्थानों की संबद्धता के लिए सितंबर की तिथि दी है। ऐसे में बिना संबद्धता पूरी हुए विश्वविद्यालय प्रशासन प्रवेश नहीं कर सकता है। इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।