अक्षय त्रिपाठी बनाए गए एलडीए के नए वीसी।
- फोटो : ??? ?????
कानपुर के नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी को एलडीए का नया वीसी बनाया गया है। वहीं, एलडीए वीसी का चार्ज डीएम अभिषेक प्रकाश से हटा दिया गया है।
विभागीय अधिकारियों के साथ कई दिनों से चल रहे मतभेद को उनसे चार्ज हटाये जाने की वजह माना जा रहा है।
2014 बैच के आईएएस अक्षय त्रिपाठी लखनऊ के रहने वाले हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया हैं। इसके पहले वे अयोध्या में सीडीओ, कानपुर में सीडीओ व नगर आयुक्त और जालौन में ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट रहे हैं।
उनकी पहली तैनाती इटावा में 2015 में असिस्टेंट कलेक्टर व असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में हुई थी। वे पहले आईएएस अफसर रहे जो कानपुर के नगर आयुक्त बने।
इससे पहले वहां पीसीएस ही नगर आयुक्त हुआ करते थे। कानपुर में कूड़ा निस्तारण के क्षेत्र में उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया।
विभागीय खींचतान पड़ी भारी
23 अक्तूबर 2020 को वीसी का चार्ज डीएम के साथ ही अभिषेक प्रकाश को दिया गया था। अभिषेक प्रकाश अपने फैसलों को लेकर लगातार चर्चा में रहे। एयरपोर्ट लिंक प्रोजेक्ट में शासन में पूर्व में सहमति बनने के बाद भी मुआवजा की मांग का फैसला इस प्रोजेक्ट को ही लंबित करने का कारण बनने लगा। इसके बाद अपर मुख्य सचिव पीडब्लूडी की पहल पर मुख्य सचिव को खुद इसके लिए बैठक बुलानी पड़ी। इसके बाद पूर्व का फैसला सही मानते हुए एलडीए को मुफ्त जमीन देनी पड़ी। वहीं, बसंत कुंज में भी आवंटित भूखंड पर एलडीए कब्जा नहीं दे पाया। पीडब्लूडी का प्रहरी एप लागू करने के लिए टेंडर निरस्त कर दिए जाने से सड़क आदि के काम भी बंद हो गए। अपार्टमेंटों में अधूरे काम पूरे करा आवंटियों की दिक्कतें भी कई दावों और निर्देश के बाद भी दूर नहीं हो सकीं।