‘बेबी’, ‘हॉलीडे’ और ‘गब्बर’ जैसी फिल्में करने वाले अभिनेता अक्षय कुमार मानते हैं कि आतंकवादियों को पाकिस्तान में घुसकर मारना होगा।
कहा कि पठानकोट में एयरफोर्स के बेस पर हुए आतंकी हमले में जो जवान शहीद हुए हैं, उनके बारे में पढ़कर बहुत दुख हुआ। मैं रियल नहीं रील लाइफ हीरो हूं लेकिन फिल्मों के जरिये देश के वीर जवानों में जोश भरने का प्रयास करता रहता हूं।
अक्षय कुमार सोमवार को होटल ताज में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से मुखातिब थे। वह बाबू बनारसी दास बैडमिंटन एकेडमी में प्रीमियर बैडमिंटन लीग(पीबीएल) में खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिए शहर पहुंचे थे।
इस मौके पर उन्होंने अपनी जल्द रिलीज होने वाली फिल्म ‘एयरलिफ्ट’ का प्रमोशनल वीडियो भी दिखाया।
सेना के ऑपरेशन पर आधारित है 'एयरलिफ्ट'
1990 में सद्दाम हुसैन ने कुवैत पर हमला किया था। उस वक्त कुवैत में एक लाख 70 हजार भारतीय फंसे हुए थे। उन हिन्दुस्तानियों को निकालने के लिए एक ऑपरेशन चलाया गया था। उसी पर आधारित है फिल्म ‘एयरलिफ्ट’।
फिल्म में मेरा नाम छोड़कर शेष सभी घटनाएं असली हैं। कुवैत जाकर मैंने पीड़ितों से बात की और उनका दर्द जाना।
दुनिया का सबसे तेज खेल है ‘बैडमिंटन’
बैडमिंटन दुनिया का सबसे तेज खेल है। क्रिकेट में डेढ़ सौ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बॉल आती है, लेकिन बैडमिंटन में शटल की स्पीड चार सौ किमी प्रति घंटा होती है। खिलाड़ियों के पास रिटर्न शॉट का वक्त बहुत कम होता है।
ओलंपिक में स्वर्ण मिलने की उम्मीद जताई
अक्षय ने उम्मीद जताई कि ब्राजील में होने वाले ओलम्पिक खेलों में इस बार बैडमिंटन में स्वर्ण पदक आएगा। अक्षय ने कहा, बैडमिंटन पर फिल्म बनाने की ख्वाहिश है जिसे मैं खुद प्रोड्यूस करना चाहता हूं।
सराहनीय है मोदी का काम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विपक्षी भले ही कोसें, लेकिन अक्षय कुमार उनका काम सराहनीय मानते हैं। कहते हैं, देश को आगे ले जाने के लिए जो संभव है, वह प्रधानमंत्री कर रहे हैं।
फिल्मों के बारे में उन्होंने कहा,लीक से हटकर फिल्में करना पसंद है लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि कॉमर्शियल सिनेमा से मुझे परहेज है।