हैनोवर में 13 से 17 अप्रैल के बीच आयोजित ट्रेड फेयर में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में सूबे का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जर्मनी रवाना होगा।
मुख्यमंत्री हैनोवर में सूबे की ओर से जर्मन भाषा में एक विशेष वेबसाइट भी लॉन्च करेंगे। इस ट्रेड फेयर में पूरी दुनिया से कारोबारी जगत के लोग व सरकारों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही हैनोवर पहुंच चुके हैं। रविवार को राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का हैनोवर जाने का कार्यक्रम तय हो गया है।
सीएम के नेतृत्व में सूबे का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को रवाना होगा। इसमें राज्यमंत्री मिश्र व मुख्य सचिव के अलावा प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास महेश कुमार गुप्त, विशेष सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास कंचन वर्मा, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव जीएस नवीन कुमार व मुख्य सचिव के स्टाफ ऑफिसर एसएन श्रीवास्तव भी शामिल हैं।