अपने सरप्राइज विजिट के तहत श्रावस्ती पहुंचे अखिलेश यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए आनन-फानन में छह अफसरों पर चाबुक चला दिया है।
सीएम ने जिले के सीएमओ, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता, आरईएस के अधिशासी अभियंता, कृषि विभाग के उपनिदेशक और जिला आपूर्ति अधिकारी को शाम करीब पांच बजे सस्पेंड कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने डीएम भानु गोस्वामी भी नप गए।
अफसरों के नाम आने से पहले सीएम ने कहा था कि निकम्मे और विकास कार्य में रुचि नहीं दिखाने वाले अफसरों की लिस्ट तैयार की जा रही है और वे आज ही शाम तक बर्खास्त भी कर दिए जाएंगे।
सीएम के इस सरप्राइज विजिट से आस-पास के सभी जिलों और सरकारी विभागों में हड़कंप मचा है।
सीएम ने की योजनाओं की समीक्षा
सीएम ने एकौना के भरतपुरवा सिसवारा गांव का औचक दौरा किया। उन्होंने गांव के प्राथमिक विद्यालय पर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से बात की, हालांकि उन्होंने लोगों से व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, अच्छे दिन देखने आया हूं।
सीएम ने समाजवादी पेंशन योजना के लाभार्थियों से मुलाकात कर राज्य सरकार की सभी योजनाओं की समीक्षा की। सीसी रोड निर्माण और पीडीएस सिस्टम पर उन्होंने नाराजगी भी जताई।
सीएम ने आगे कहा कि जनता को आने वाले दिनों में और विकास कार्य दिखेंगे साथ ही जनता, सरकार व अफसरों के बीच की दूरी कम होगी।
हमीरपुर की जगह श्रावस्ती पहुंचे सीएम
लोकसभा चुनावों में मिली हार के बाद सीएम अखिलेश यादव गुड गवर्नेंस के लिए हर वो जुगत कर रहे हैं, जिससे उन्हें फायदा हो सकता है।
अपने सरप्राइज विजिट योजना के तहत सीएम को हमीरपुर जाना था, पर उन्होंने श्रावस्ती पहुंचकर सबको चौंका दिया।
असल में सीएम की विजिट से एक दिन पहले ही जिले का नाम घोषित कर दिया गया था, लेकिन सीएम ने आखिरी पल में अपना प्लान बदलकर हड़कंप मचा दिया। उन्होंने कहा कि निकम्मे अफसरों को शाम तक बर्खास्त कर दिया जाएगा।
मीडिया ने ली थी चुटकी
अखिलेश यादव के इस औचक विजिट प्लान पर मीडिया में चुटकी ली गई थी।
असल में सरकार की ओर से कह दिया गया था कि सीएम की विजिट से एक दिन पहले ही यह सूचना दे दी जाएगी कि सीएम किस जिले के दौरे पर जाएंगे।
इस तरह तीन जून को सीएम का हमीरपुर जाना तय हो गया था, लेकिन सीएम ने ऐन वक्त पर प्लान बदलकर सबको चकमा दे दिया।
सीएम के इस सरप्राइज विजिट को 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए मजबूत 'जमीन' बनाने की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।