भाजपा सरकार में ट्रांसफर-पोस्टिंग के रेट तय
अखिलेश यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा के लखनऊ वाले दिल्ली पर और दिल्ली वाले लखनऊ पर आरोप लगवा रहे हैं। भ्रष्टाचार और उपचुनाव में हुई वोटों की लूट छिपाने के लिए सरकार संभल जैसी घटनाएं करा रही है। ट्रांसफर व पोस्टिंग से लेकर हर पद के रेट तय हैं। प्रधानमंत्री यूपी के 40 लाख करोड़ के निवेश अनुबंधों को भूल गए हैं। अब दूसरे प्रदेशों में निवेश की अपील कर रहे हैं।
आशीष पटेल के मामले में बोले-कई विभागों में इससे भी बड़े घोटाले
अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे में भ्रष्टाचार का गोरखधंधा चल रहा है। वर्ष 2024 में जिस 91 किलोमीटर सड़क की लागत छह हजार करोड़ रुपये थी, अब उसकी लागत सात हजार करोड़ से ज्यादा की हो गई है। प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल पर भ्रष्टाचार के आरोपों पर अखिलेश ने कहा कि कई अन्य विभागों में इससे भी बड़े घोटाले हो रहे हैं।
सीएम भाजपा के सदस्य नहीं...
उन्होंने कहा, प्रतिदिन 50 हजार गायें कटने संबंधी बयान देने वाले विधायक से कहना चाहता हूं कि मुख्यमंत्री भाजपा के सदस्य नहीं है। इसलिए उन्हें गोकशी के खिलाफ मुख्यमंत्री आवास में घुस जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगरा में एएसआई संरक्षित बिल्डिंग गिराने वाला ठेकेदार राजधानी में ही एक राजनेता के यहां छिपा हुआ है।
मिल्कीपुर चुनाव के लिए मीडिया का किया आह्वान
अखिलेश यादव ने कहा कि मिल्कीपुर चुनाव के लिए वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया और पत्रकारों से कहना चाहते हैं कि यहां आकर देखे कि यूपी में कितना निष्पक्ष चुनाव होता है। भाजपा संविधान नहीं मानती है। इससे पहले नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय ने बताया कि संभल में भाजपा सरकार ने घटना को दंगे का रूप दिया। संभल जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव और विधायक रविदास मेहरोत्रा भी शामिल थे।