पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि रिवर फ्रंट से जुड़े हर फैसले कैबिनेट की बैठक में लिए गए थे। पूरी कैबिनेट सीबीआई और ईडी की जांच के लिए तैयार है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के लोग इस बात का भी ध्यान रखें कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में की गई लूट की जांच कब कराएंगे?
शिवपाल की सुरक्षा कम करना खिसियाहट
शिवपाल सिंह यादव की सुरक्षा कम किये जाने के सवाल पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह भाजपा की खिसियाहट है। सुरक्षा घटाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। पेंडुलम समय के गतिमान होने का प्रतीक है। सभी के बदलने का संकेत देता है। यह भी बताता है कि कुछ भी स्थिर नहीं है, जिस पर अहंकार किया जाए। अखिलेश ने भाजपा नेताओं के साथ उनके परिजनों की तस्वीर ट्वीट कर परिवारवाद पर हुए हमले का जवाब दिया है।
जनता करेगी हमारी सुरक्षा : शिवपाल
प्रसपा संस्थापक शिवपाल ने कहा कि सुरक्षा देना या न देना सरकार का फैसला है। हम जब विधायक नहीं थे, तब भी यहां की जनता हमारी सुरक्षा करती थी और आज भी कर रही है। सरकार सुरक्षा हटा रही है तो हटा ले। उन्होंने कहा कि डिंपल की जीत अधिक से अधिक मतों से होगी। अच्छा खिलाड़ी ऐसा फुटबाल मारता है कि तुरंत गोल हो जाता है। अब भाजपा समझ लें कि उसे हार मिलनी तय है।