स्वर्गीय चंद्रशेखर देश के पहले समाजवादी प्रधानमंत्री थे, आने वाले समय में समाजवादी लोग इसी मुकाम तक पहुंचें, आज हमें ये भी संकल्प लेना है। ये बातें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की नौंवी पुण्यतिथि पर कही। सीएम अखिलेश यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री को याद किया और कहा कि उन्होंने किसान और गरीबों के लिए बहुत काम किया।
उन्होंने लोगों की समस्याएं जानने के लिए बलिया से लेकर पूरे देश में भ्रमण किया था। सीएम अखिलेश ने उन्हें याद करते हुए कहा कि हमें उनके दिखाए रास्ते पर चलना है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाने से भी नहीं चूके, हालांकि उन्होंने ये भी माना की ये सही मौका नहीं है। उन्होंने बताया कि सपा ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया। सीएम ने कहा कि लोगों ने आरोप लगा दिया कि ज्यादातर इटावा और मैनपुरी के लोगों की भर्ती हुई है लेकिन सच्चाई सामने है, कोई सिफारिशी भर्ती हुई। सीएम ने ये भी कहा कि चालीस हजार भर्तियां हो चुकी हैं और बड़ी संख्या पर भर्ती करने पर विचार चल रहा है।