मंत्रिपरिषद के पुनर्गठन के बाद कुछ मंत्रियों ने बृहस्पतिवार को अपने विभागों का कामकाज संभाल लिया। कुछ क्षेत्रों में हैं और अगले एक-दो दिन में या दिवाली बाद कामकाज संभालेंगे। वहीं, कुछ मंत्री शुभ मुहूर्त के इंतजार में हैं। कुछ ऐसे भी वजीर हैं जो लखनऊ में ही अपने घरों पर रहे लेकिन ज्योतिषीय गणना ठीक न होने की वजह से दफ्तरों में नहीं पहुंचे तो कुछ के बारे में चर्चा रही कि वे नए विभागों को लेकर कसक के चलते दफ्तरों में नहीं आए।
ये मंत्री पहुंचे दफ्तर: नए कैबिनेट मंत्रियों में सिर्फ बलवंत सिंह रामूवालिया ही बृहस्पतिवार को दफ्तर पहुंचे और कामकाज संभाल लिया। पुरानों में बलराम यादव व ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ही कार्यालय पहुंचे। महबूब अली दफ्तर तो पहुंचे, पर नए विभाग का कामकाज नहीं संभाला।
राज्यमंत्री से स्वतंत्र प्रभार बने रामसकल गुर्जर, रियाज अहमद, मूलचंद चौहान ने भी कामकाज संभाल लिया। स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री बनाए गए मदन चौहान ने तो कामकाज संभाल लिया लेकिन शादाब फातिमा दफ्तर नहीं आईं।
राज्यमंत्री से स्वतंत्र प्रभार मंत्री बनाए गए रियाज अहमद, मूलचंद चौहान, रामसकल गुर्जर ने भी नए विभाग की जिम्मेदारी संभाल ली। राज्यमंत्रियों में कृषि और चिकित्सा विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले राधेश्याम सिंह कार्यालय तो आए लेकिन कुर्सी पर नहीं बैठे। वे सोमवार को शुभ मुहूर्त में कामकाज संभालेंगे।