‘अमर उजाला’ के ‘मेधावी छात्र सम्मान-2015’ में प्रदेश भर के होनहार विद्यार्थियों को सीएम अखिलेश यादव ने सम्मानित किया। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस कार्यक्रम में हर जिले के बच्चे को सम्मानित करने के साथ उन्हें पुरस्कार स्वरूप साइकिल प्रदान की गई।
इस कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटर दोनों ही कक्षाओं के टॉपरों को सम्मानित किया गया। लखनऊ के बच्चों को मौके पर उपहार में मिली साइकिल तुरंत दे दी गई लेकिन यूपी के बाकी जिलों से आए बच्चों को उनकी सुविधा को देखते हुए एक प्रमाण पत्र दिया गया है। जिसे दिखाकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में दिखाकर बच्चे साइकिल प्राप्त कर सकेंगे।
पुरस्कार वितरण के बाद मेधावियों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यहां आकर मैं बहुत संतुष्ट महसूस कर रहा हूं। अमर उजाला के ऐसे आयोजन मेधावियों के अंदर ऊर्जा का संचार करते हैं।
सीएम ने कहा कि संघर्ष की यह एक शुरुआत है। पूरी जिंदगी अलग-अलग की प्रतिस्पर्धा होती है। अभी यह प्रतिस्पर्धा पढ़ाई को लेकर है। आगे इन्हीं मेधावियों को कैरियर की लड़ाई लड़नी है।
पिछले वर्ष की तरह इस साल भी ‘अमर उजाला’ की ओर से यूपी बोर्ड की परीक्षा में 10वीं और 12वीं की परीक्षा में हर जनपद से पहला स्थान हासिल करने वाले और प्रदेश भर के टॉप 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के लिए मंगलवार शाम से ही प्रदेश भर के मेधावी विद्यार्थी राजधानी में जुटने लगे थे।