औरैया जा रहे अखिलेश यादव को हिरासत में लेने के बाद शहर में सपा छात्र सभा के कार्यकताओं ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकताओं ने एनेक्सी में गेट बंद कर ताला लगाने का प्रयास किया। पुलिस सभी को गिरफ्तार करके हजरतगंज थाने ले गई है।
सपा कार्यालय पहुंचे अखिलेश यादव का कार्यकताओं ने जोरदार स्वागत किया। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार विपक्ष को निर्ममता पूर्वक खत्म करना चाह रही है।
सरकार सपा कार्यकताओं को जेल भेजना चाहती है तो भेज दे। सपा के सामने सभी कानूनी विकल्प खुले हैं। औरैया मामले पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि औरैया में जिला पंचायत सदस्यों को डराया धमकाया जा रहा है। इस पूरे मामले पर अखिलेश कल प्रेस कॉफ्रेंस करेंगे।
उपचुनाव में हुए बवाल के बाद आज सुबहऔरेया जाने के लिए निकले अखिलेश यादव को उन्नाव-एक्सप्रेसवे पर हिरासत में ले लिया गया था।
अखिलेश को हिरासत में लिए जाने के बाद समाजवादी कार्यकताओं ने जमकर हाईवे पर हंगामा किया।
हिरासत में अखिलेश
जिला पंचायत अध्यक्ष रहे राजवीर सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास होने के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है। भाजपा समर्थित दीपू सिंह एवं सपा समर्थित सुधीर यादव उर्फ कल्लू आमने- सामने हैं। सुधीर यादव के खिलाफ सप्ताहभर पहले रेप का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह वांछित हैं।
बुधवार को नामांकन का दिन था। पुलिस ने मुख्यालय में बनाए गए नामांकन कक्ष से करीब 20 किलोमीटर की परिधि में नाकेबंदी कर दी। भाजपा समर्थित दीपू सिंह वाहनों के काफिले के साथ दो सेट में नामांकन किए।
हंगामा करते कार्यकर्ता
इसी बीच सपाइयों को सूचना मिली कि पुलिस सुधीर यादव को गिरफ्तार कर सकती है। इससे वे एकजुट हो गए। दिबियापुर तिराहे पर सपाइयों और भाजपाइयों के बीच टकराव हो गया।
मारपीट और पथराव में दर्जनभर से ज्यादा गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। सपाई पुलिस और प्रशासन पर सत्ता पक्ष के इशारे पर मनमानी करने का आरोप लगा धरने पर बैठ हैं। अखिलेश इसी मामले में अपने कार्यकताओं के साथ औरैया जा रहे थे, जब उन्हें हिरासत में लिया गया।