नड्डा ने कहा कि आगामी दिनों में होने वाले मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान व बूथों के गठन में सांसद सक्रिय भागीदारी निभाएं। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए दिसंबर तक अपने संसदीय क्षेत्र में शत प्रतिशत पात्र लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाएं।
नड्डा ने सितंबर तक प्रदेश में पूरे साजो-सामान के साथ पार्टी के डेढ़ लाख प्रशिक्षित वॉलिंटियर नियुक्त करने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने प्रदेश में संगठन के आगामी कार्यक्रमों में सांसदों को शामिल रहने को कहा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की लोकतंत्र में जरा भी आस्था नहीं है। इन दिनों लोकतंत्र खतरे में है। हत्या, लूट डकैती जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही है। वह डा. राम मनोहर लोहिया सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा तरह- तरह से अफवाह फैला रही है। सोशल मीडिया पर उसका कुप्रचार तंत्र चलता रहता है। इससे पार्टी के कार्यकर्ता सावधान रहें। जनता को भी कुप्रचार और साजिशों से अवगत कराएं। प्रदेश के कार्यकर्ताओं का दायित्व इसलिए बड़ा है कि उत्तर प्रदेश ही देश की राजनीति की दिशा तय करता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि मंहगाई, बेरोजगारी, किसानों पर लादे गए कानून के बारे में लोगों को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बुलंद हौंसले से पार्टी विधान सभा चुनाव में 350 सीटों पर विजय हासिल करेगी। इसके बाद भाजपा के हर षडयंत्र को समाप्त किया जाएगा। इस दौरान प्रयागराज के सोनू यादव (22) की हत्या पर दु:ख प्रकट करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई ।
विभिन्न जिलों के लोगों ने ली सपा की सदस्यता
विभिन्न जिलों से आए लोगों ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में सपा की सदस्यता ली। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने सभी को सदस्यता दिलाई। इसमें प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य डॉ. बाबू लाल सरोज बिन्नू यादव, मोहम्मद महफूज, डॉ0 आरपी पाडेय, रामवीर सिंह कर्दम, सुमित सिंह भाटी ग्रेटर नोएडा, आशुतोष गौतम अलीगढ़, हर्ष वशिष्ठ धाकड़ आगरा, पंकज अग्रवाल बिजनौर, पूर्व अपर मुख्य अधिकारी रमेश चन्द्र दूबे आदि शामिल हैं।