सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र को बचाने का अंतिम अवसर वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव है। भाजपा ने जनता का चार वर्ष से अधिक समय बर्बाद कर दिया है। उसकी चालों से सभी को सावधान रहना है।
भाजपा राग-द्वेष से सरकार चला रही है और विधानसभा चुनाव आने तक वह कई रंग दिखाएगी। यादव ने ये बातें शुक्रवार को डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं से कही।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में 350 सीटें का लक्ष्य पाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं को रात-दिन काम करना पड़ेगा। वर्तमान में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार जनविरोधी है। मोदी सरकार नए कृषि कानूनों के जरिए किसानों का भविष्य खराब कर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाना चाहती है।
इससे खेत का मालिकाना अधिकार किसानों के हाथ से निकल जाएगा। सरकार ने मंडी व्यवस्था की उपेक्षा की है। किसानों को उसकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं मिल रहा है। किसानों की आय दोगुनी होने की कोई संभावना नहीं है। पर, कुछ पूंजीपतियों की दौलत जरूर कई गुना बढ़ गई है।