अखिलेश ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने, लागत का डेढ़ गुना एमएसपी देने और किसानों का कर्ज माफ करने के बजाय भाजपा ने किसानों के साथ सिर्फ गोलमाल किया है। उन्हें राहत देने के बजाय डीजल के दाम बढ़ा दिए। किसान की फसल को आवश्यक वस्तु अधिनियम से हटाकर बहुराष्ट्रीय कंपनियों को किसानों के उत्पाद औने-पौने दाम पर खरीदकर उनका शोषण करने का रास्ता खोल दिया। किसानों को बाढ़ ने तबाह कर रखा है। पशुओं को चारा नहीं मिल पा रहा, फसलें डूब गई हैं। सरकारी मदद सरकारी फाइलों में कैद है।
बाइस में बाइसिकल.. ने पकड़ी तेजी
अगस्त क्रांति की समाजवादी दिशा पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा रविवार को जारी पत्र ‘बाइस में बाइसिकल’ ने सोमवार को अभियान का रूप ले लिया। डिजिटली जारी यह पत्र लाखों सपा कार्यकर्ताओं तक पहुंच गया है। इसमें सपा अध्यक्ष ने कहा है कि वर्ष 2022 में परिवर्तन के लिए भी हर कार्यकर्ता को खुद पहल करनी होगी। 2022 में उद्घोष होगा, समाजवादी सरकार का काम जनता के नाम। हम सभी को एकजुट होकर सांविधानिक मूल्यों व लोकतांत्रिक मान्यताओं को बचाना होगा। खेतों की सुरक्षा के लिए 2022 में साइकिल की सरकार राज्य के हित में है।