सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में सुशासन व रामराज तो बहुत दूर की बात है, हर तरफ अंधेर नगरी चौपट राज का बोलबाला है। राज्य सरकार से न तो कोरोना का संक्रमण थम रहा है और न ही कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण दिख रहा है। किसानों के बारे में उसकी कोई सोच ही नहीं है। प्रशासन में मनमानी का राज है।
न कहीं ‘लॉ’ दिखाई दे रहा है और न ही कहीं ‘ऑर्डर’ का अहसास हो रहा है। प्रदेश दिन-प्रतिदिन विकास की दौड़ में पिछड़ता जा रहा है। अखिलेश ने सोमवार को बयान में कहा कि कोरोना संक्रमण के आगे भाजपा सरकार नतमस्तक है। मुख्यमंत्री रोज नए आदेश-निर्देश देते हैं लेकिन टीम-11 अपने ही ढंग से काम करने की आदी है।
इसलिए सरकार की किरकिरी होती रहती है। कोविड-19 अस्पतालों में अव्यवस्था है, डॉक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ को उपकरण भी ठीक-ठाक नहीं मिल रहे हैं। प्राइवेट अस्पतालों में लूट जारी है। मौतों का सही हिसाब नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिस समय अफसरों के साथ कानून-व्यवस्था पर बैठक कर रहे थे, उसी समय मिर्जापुर में कंस्ट्रक्शन कंपनी के दो मैनेजरों को गोली मार दी गई।
मेरठ में महिला के अपहरण व गैंगरेप की घटना दिल दहलाती है। कानपुर में बुजुर्ग की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। वाराणसी व बागपत में युवकों की हत्या हो गई। फर्रुखाबाद में एक बालक की हत्या हुई। अलीगढ़ में दलित बच्ची से गैंगरेप से जनता आक्रोशित है।