प्रदेश में 11 विधानसभा सीटों पर 21 अक्तूबर को होने वाले उपचुनावों के लिए भाजपा ने भले ही पूरी ताकत झोंक रखी हो लेकिन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव केवल रामपुर में ही चुनावी सभा करेंगे। वह आजम खां की विरासत को बचाने के लिए रामपुर जा रहे हैं। उनकी डिमांड शेष 10 विधानसभा सीटों पर भी थी लेकिन उन्होंने इन क्षेत्रों में दूसरी पंक्ति केनेताओं को चुनाव की बागडोर सौंपी है।
प्रदेश में जिन 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें सपा के पास केवल रामपुर सीट थी। इस सीट से आजम खां लगातार विधायक चुने जाते रहे हैं। उनके सांसद बनने पर रिक्त हुई इस सीट पर सपा ने उनकी पत्नी और राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फातमा को प्रत्याशी बनाया है।
अखिलेश यादव चुनाव की घोषणा से पहले भी रामपुर गए थे। अब वह 19 अक्तूबर को चुनाव प्रचार बंद होने से ठीक पहले अपराह्न 2.30 बजे रामपुर में किले के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वह रामपुर से ही अन्य सीटों के लिए भी संदेश देंगे। सभी सीटों पर पार्टी प्रत्याशी व नेता अखिलेश यादव का दौरा चाहते थे लेकिन सपा अध्यक्ष ने उपचुनावों से खुद को दूर रखने का फैसला किया। विधानसभा उपचुनावों में प्रचार से वह पहले भी बचते रहे हैं।