राजधानी में ‘सरकार’ की नाक के नीचे जहरीली शराब से हुई मौतों का दाग साफ करने में जुटे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अब आबकारी महकमे में ‘सारे घर’ को बदल दिया है।
सीएम ने स्थानांतरण नीति के विपरीत तैनात हुए सारे अफसरों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि आबकारी विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ये फैसला लिया।
गौरतलब है कि लखनऊ के मलिहाबाद में चल रहे जहरीली शराब के कारोबार ने कई परिवार तबाह कर दिए। मलिहाबाद में बनी शराब पीकर अब तक 39 लोगो की मौत हो चुकी है और कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
इस मामले से शासन से लेकर प्रशासन तक हड़कंप मचा है और अब तक कई बड़े अफसर भी सस्पेंड किए जा चुके हैं। शासन ने मंगलवार को आबकारी आयुक्त अनिल गर्ग को हटा दिया था। वहीं उन्नाव के जिला आबकारी अधिकारी और आबकारी निरीक्षक को भी निलंबित करने के आदेश जारी किए थे।
बुधवार को सीएम अखिलेश ने स्थानांतरण नीति के विपरीत तैनात हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल हटाए जाने के निर्देश दिए हैं।