बिजली की दरें जल्दी ही बढ़ सकती हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी इसके संकेत दे दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के उपभोक्ताओं से कई प्रदेशों से बिजली के कम पैसे लिए जा रहे हैं।
बताते चलें विद्युत नियामक आयोग इस समय बिजली दरों के निर्धारण की कार्यवाही कर रहा है। पॉवर कारपोरेशन ने दरें बढ़ाने का प्रस्ताव किया है।
सोमवार को इंदिरा प्रतिष्ठान में विद्युत नियामक आयोग के भवन के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के बिजली संकट की चर्चा की। उन्होंने इसके लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी दी।
साथ ही कहा कि पर्याप्त बिजली न होने से दूसरों से बिजली खरीदने में ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि इसके बावजूद प्रदेश के उपभोक्ताओं से कम पैसा लिया जा रहा है। माना जा रहा है कि सीएम ने ऐसा कहकर आयोग को सरकार की मंशा का संकेत कर दिया है।
इंजीनियर व्यवहार सुधारें
मुख्यमंत्री ने इंजीनियरों को सुधरने और व्यवहार सुधारने की नसीहत दी है। उन्होंने नए कनेक्शन देने वाले अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि बहुत कम समय में २४ लाख नए कनेक्शन दिए गए हैं।
लेकिन यदि इंजीनियरों की भाषा व व्यवहार सुधर जाए तो यह संख्या और बढ़ जाएगी।