पूर्व सैनिकों से मिलते अखिलेश यादव।
- फोटो : अमर उजाला।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में 1962 की जंग में रेजांग ला पोस्ट पर चीन से लड़ने वाले जांबाज सैनिकों को सम्मानित किया। इनमें कैप्टन रामचंद्र यादव, हवलदार नेहाल सिंह, गजेंद्र सिंह समेत 13 कुमायूं रेजीमेंट के एक्स सर्विस मैन रमेश कुमार, प्रमोद कुमार, राम किशोर यादव, नौमी लाल यादव, अभिमन्यु, इंद्रजीत यादव, रहीश पाल, पंकज यादव, संतोष कुमार, राम विजय, विपिन कुमार और शरद यादव शामिल हैं।
इस मौके पर अखिलेश ने अहीर रेजीमेंट बनाने की मांग की। कहा, अगर और भी कोई मांग करे तो उसकी रेजीमेंट बननी चाहिए। देश में पांच मिलिट्री स्कूल हैं, पर यूपी में एक भी नहीं है। उन्होंने लखनऊ, कन्नौज, इटावा और वाराणसी में भी मिलिट्री स्कूल बनाने की मांग की। इस दौरान लोहिया सभागार में फिल्म ‘120 बहादुर’ का प्रोमो भी दिखाया गया।
फिल्म देखकर 62 की जंग के जांबाज रामचंद्र यादव भावुक हो गए। उन्होंने इस सम्मान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि अगर हम देश के काम आ जाएं, तो इससे बड़ा सौभाग्य कुछ नहीं। उन्होंने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि रक्षामंत्री रहते उन्होंने शहीद सैनिक का शव घर लाने की व्यवस्था के साथ सैनिकों का वेतनमान भी बढ़ाया था। अब अहीर रेजीमेंट बनवाने की जिम्मेदारी अखिलेश यादव की है।