सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के साढ़े चार साल निराशा भरे और डरावने रहे हैं। यह एक नान स्टार्टिंग सरकार है, जिसमें डबल इंजन लगा है। सिकयार्ड में खड़े इस भाजपाई इंजन की आवाज भी किसी को सुनाई नहीं पड़ रही है।
विज्ञापन
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में अब केवल छह महीने बचे हैं। अब तक एक भी वादा पूरा न करने वाली भाजपा सरकार चुनावी रणनीति के तहत लोक लुभावनी सौगातें परोसने में लग गई है। उद्घाटन, शिलान्यास के अलावा अन्य घोषणाओं की बौछार करते समय मुख्यमंत्री यह भूल जाते हैं कि जनता सब समझती है। जो काम और वादे साढ़े चार साल में नहीं पूरे हुए उन्हें छह माह में किस चमत्कार से पूरा कर दिया जाएगा।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने 16 पेज के 16 आने झूठ की पुस्तिका बंटवाई है। लगता है कि भाजपा ने अपने अंतरराष्ट्रीय झूठ प्रशिक्षण केंद्र की पाठ्य पुस्तिका प्रकाशित की है। भाजपा के झूठ के दूत इसे ऑनलाइन कक्षाओं में ही चला सकेंगे क्योंकि जनता के बीच जा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक तो भाजपा सरकार के पास बताने के लिए एक भी उपलब्धि नहीं है। सिर्फ समाजवादी सरकार के कामों पर ही अपने नाम की पट्टी लगाई है और नाम ही बदले हैं।