मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि 2016 के आखिर तक राजधानी में मेट्रो ट्रेन चलने लगेगी। यही नहीं समय से पहले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण करा लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री बुधवार को राजधानी के आईटी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राजधानी में जहां मेट्रो चलाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है, वहीं शहरों में साइकिल के लिए अलग से ट्रैक बनवाया जा रहा है। इससे साइकिल चलाने वाले खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे।
उन्होंने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के बनते ही सूबे के विकास की रफ्तार बढ़ेगी। इस काम को 20-22 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
सीएम ने मीडिया को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि टीआरपी बढ़ाने के लिए सरकार की छवि खराब करने वाली खबरें चलाई गईं। उनका इशारा बदायूं कांड से जुड़ी खबरों की तरफ था।
उन्होंने कहा कि इस मामले की सीबीआई की जांच में ऐसा कुछ नहीं निकला जैसा मीडिया ने प्रचारित किया। सपा सरकार के लैपटॉप बांटने जैसे कामों की भी आलोचना की गई। उन्होंने कहा कि टॉपर्स को लैपटॉप देने की योजना जारी रहेगी।