फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम का तंज, खड़ाऊं पहनकर चलें भाजपाई!

Fri, 28 Nov 2014 09:57 AM IST
शोभित श्रीवास्तव/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को भगवा ब्रिगेड पर खूब सियासी तीर छोड़े। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर ये लोग चमड़े का जूता और बेल्ट पहनते हैं तो दूसरी ओर स्लॉटर हाउस पर अंगुली भी उठाते हैं।
विज्ञापन


अंगुली उठाने वाले चमड़े के जूते के बजाय खड़ाऊं क्यों नहीं पहनते? अखिलेश ने कहा कि यह चालू पार्टी सपा सरकार को बदनाम करने में लगी है।

मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में स्वास्थ्य विभाग के एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, नरेंद्र मोदी सरकार ने छह महीने में एक भी वादा पूरा नहीं किया। कोई भी महत्वपूर्ण मुद्दा सामने न आने पाए इसलिए झाड़ू मारी जा रही है।

छह महीने के कार्यकाल में मोदी केवल देश-विदेश घूम रहे हैं। टीवी पर भी जनता को देश-विदेश घुमाया जा रहा है। वहीं, सपा सरकार घोषणापत्र में किए अपने तमाम वादे पूरे कर रही है।
विज्ञापन

जन्मदिन सभी मनाते हैं हमने भी मनाया!

अखिलेश ने यह भी कहा कि हमारे अच्छे काम जनता तक नहीं पहुंच रहे हैं। छोटी सी गलती को भी खूब बढ़ा-चढ़ाकर प्रचारित किया जाता है। सपा सरकार गरीब- अमीर के बीच की खाई को मिटाने के लिए लगातार काम कर रही है।

डेयरी उद्योग में भी हमने काफी काम किया है। यही वजह है कि मदर डेयरी यहां आ गई है। अमूल भी यूपी में अपना प्लांट लगा रहा है।

जन्मदिन तो सभी मनाते हैं, हमने मनाया तो इतना शोर क्यों?
मुख्यमंत्री ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के रामपुर में मनाए गए जन्मदिन को लेकर खड़े हुए विवाद पर कहा, जन्मदिन तो सभी मनाते हैं, फिर इसको लेकर इतना शोर क्यों मचाया जा रहा है?

चाहे पुराने लोग हों या फिर नई पीढ़ी, सभी उत्साह से जन्मदिन मनाते हैं।

बदायूं कांड पर भी बोले सीएम

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने बदायूं कांड का भी जिक्र किया। अखिलेश ने लोगों से शिकायती लहजे में कहा कि आप लोगों ने बदायूं कांड में ‌सरकार की कितनी बदनामी की। अब बदायूं कांड की हकीकत भी सामने आ गई। कुछ दिनों बाद इस केस की पूरी हकीकत सामने आ जाएगी।

अखिलेश ने मीडिया को भी नहीं बख्शा और कहा कि मीडिया ने भी बदनामी में कोई कसर नहीं छोड़ी। आज भी वेबसाइट या पुराने अखबार उठा कर देख लें। हमारी सरकार की जमकर बदनामी की गई है। फिर, जनता को संबोधित करते हुए बोले कि आप लोगों ने भी खूब हंगामा किया और सरकार की बदनामी कर डाली। ये नहीं पता कि आपने किसके दवाब में ऐसा किया।

मुलायम सिंह के बर्थडे सेलिब्रेशन पर सीएम बोले, जन्मदिन मनाया तो भी आप लोगों ने आलोचना की। लोगों को समाजवादी लोगों के अच्छे काम भाते ही नहीं हैं।
विज्ञापन

अखिलेश ने मांगा एक और मौका

अखिलेश ने कार्यक्रम के दौरान सरकार की उपलब्धियां और काम गिनाए और अगली बार सरकार बनाने का मौका देने की भी बात कही। बोले, सरकार ने बहुत काम किए हैं। अगर अगली बार सरकार बनाने का मौका दिया तो बचे हुए काम अगली बार पूरे हो जाएंगे।

बता दें कि गुरुवार को अखिलेश ने यूपी को एक बड़ी सौगात दी है। उन्होंने 100 नए पीएसी केंद्रों का लोकार्पण किया। इसके अलावा कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए वेबसाइट ‘प्यारी बिटिया’ की शुरुआत की।

नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी, मातृ शिशु कल्याण, टीकाकरण, परिवार कल्याण व जांच की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

वहीं से एएनएम की मदद से शहरी स्वास्थ्य व पोषण दिवस का आयोजन किया जाएगा। घुमंतू व स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित लोगों के लिए आउटरीच हेल्थ कैंप भी आयोजित किए जाएंगे।

प्यारी बिटिया वेबसाइट से अल्ट्रासाउंड व जेनेटिक सेंटर की जिलेवार सूची, पंजीकरण भी ऑनलाइन की जाएगी। पंजीकरण आवेदन व उनकी स्थिति भी इसी वेबसाइट से पता की जा सकेगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें