हैलो! मॉडर्न कंट्रोल रूम?
जी, हां। मैं कहकहा बेगम बोल रही हूं।
मैडम, अलीगंज में अलीगंज में एक्सीडेंट हो गया है।
ठीक है, टीम पहुंच रही...।
फोन डिसकनेक्ट, कोई पूछताछ कोई अफरातफरी नहीं। मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी)पर हादसे की लोकेशन, फोन करने वाले का ब्यौरा नजर आने लगा। इधर कॉल टेकर ने अलीगंज एसओ और सीओ को सूचना दी और उधर सुपरकॉप पॉइंट्स पर हाजिर। फोन आने से लेकर घटना स्थल पर टीम पहुंचने की प्रक्रिया में महज आठ मिनट लगे।
घायल को प्राथमिक इलाज देने के साथ-साथ अस्पताल पहुंचा दिया गया। जी, हां अपराध हो या हादसें, लोगों को तत्काल मदद के लिए तैयार है मॉडर्न कंट्रोल रूम, जिसका उद्घाटन सीएम अखिलेश यादव ने बुधवार को किया।
प्रभारी एएसपी दुर्गेश ने बताया कि शहर के 94 पॉइंट्स पर हाईटेक वाहन तैनात रहेंगे। हर तरह की शिकायतें दर्ज की जाएंगी। 30 टेलीफोन लाइनें एक साथ काम करेंगी। उन्होंने बताया कि अपराध, हादसों के अलावा अग्निकांड, सड़क जाम, एंबुलेंस सेवा, छेड़छाड़ की शिकायतें भी यहीं दर्ज कर कार्रवाई होगी।