सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहीत की जा रही किसानों की जमीन के लिए छह गुना मुआवजा देने की मांग की है। बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में किसानों को कभी मुआवजे के लिए मदद मांगने नहीं आना पड़ा। लेकिन इस सरकार में मुख्यमंत्री से मदद मांगने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि सपा कार्यकाल में बने एक्सप्रेस-वे में किसानों के फायदे के लिए सर्किल रेट में बदलाव किया गया था। किसानों के पास अधिकारी उनकी बात सुनने जाते थे। लखनऊ से जहां पर एक्सप्रेस-वे को जोड़ा गया है उस जगह दो गांव थे। हमने पूरे गांव उठाकर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिए। लेकिन एक भी किसान को नुकसान नहीं होने दिया। वहीं योगी सरकार पुण्य काम के लिए जमीन ले रही है और किसानों को परेशान भी कर रही है। सरकार के पास कभी पैसे की कमी नहीं होती वह चाहे तो छह गुना मुआवजा दे सकती है। सपा सरकार आएगी तो किसानों को अधिक मुआवजा दिया जाएगा।
इससे पहले पूर्व विधायक पवन पांडेय के साथ अयोध्या के धर्मपुर गांव के बुजुर्ग किसान रामलौट तिवारी व वीरेंद्र कुमार तिवारी ने अपनी पीड़ा पत्रकारों को बताई। उन्होंने बताया कि अयोध्या के तीन गांवों में अधिकारियों का आतंक है। एक साथ पांच किसान कहीं खड़े नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को बढ़ा मुआवजा नहीं मिला तो वे आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। कुट्टिया गांव से आए किसान राम सरन यादव, गंजा गांव के केदार यादव ने भी अपनी पीड़ा बताई।