लखनऊ। अजीत हत्याकांड में पुलिस ने दो मुख्य सूत्रधार कुंटू सिंह व अखंड सिंह से दो दिन तक पूछताछ के बाद दोनों को रविवार को बरेली व आजमगढ़ जेल भेज दिया। वहीं पुलिस ने शूटर राजेश तोमर, अंकुर और मददगार बंधन का गैरजमानती वारंट लेने के लिए कोर्ट में अर्जी लगा दी है।
पुलिस को उम्मीद है कि सोमवार को इन तीनों का वारंट मिल जाएगा। पुलिस अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कुर्की की कार्रवाई शुरू करेगी।
इस मामले में पुलिस को अखंड की तीन दिन और कुंटू सिंह की चार दिन की रिमांड मिली थी। इन दोनों से पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर के अलावा जेसीपी अपराध नीलाब्जा चौधरी ने कई घंटे तक पूछताछ की थी।
रविवार को कुंटू से उद्यम सिंह के बारे में भी पूछताछ की गई। इस दौरान ही पता चला कि उद्यम की पत्नी जिला पंचायत सदस्य है। पुलिस इस मामले में जानकारी जुटा रही है। रविवार को दोनों को बरेली व आजमगढ़ जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने दोनों से फरार चल रहे शूटरों रवि यादव, मुस्तफा उर्फ बंटी, घायल शूटर राजेश तोमर, अंकुर के बारे में पूछताछ की। वहीं मददगारों के बारे में जानकारी हासिल की। पुलिस के हाथ कुछ सुराग हाथ लगे हैं। जिस पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।