यूपी, उत्तराखंड व मिजोरम के राज्यपाल रह चुके अजीज कुरैशी ने कहा है कि ओवैसी के यूपी आने से यहां के मुस्लिम बर्बाद हो जाएंगे। मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन (एमआईएम) भाजपा व संघ का स्पांसर दल है। इसलिए सूबे के मुस्लिम एमआईएम के बहकावे में न आकर धर्म निरपेक्ष ताकतों का साथ दें।
कुरैशी मंगलवार को लखनऊ स्थित वीवीआईपी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को एमआईएम से सावधान रहना चाहिए। ये वही लोग हैं जिन्होंने हैदराबाद की रियासत को बर्बाद किया था। अब इनकी यूपी पर नजर है।
धर्म निरपेक्ष ताकतों को कमजोर करने के लिए यह साजिश रची जा रही है। ये लोग सोशल मीडिया के जरिये युवाओं में जहर भर रहे हैं। सांप्रदायिक ताकतों से मिलकर लड़ना होगा। इनका विनाश निश्चित है। उन्होंने दादरी के बिसाहड़ा की घटना के लिए डीएम व एसएसपी को जिम्मेदार ठहराया है। कहा कि वहां का प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है।