लखनऊ। रक्षाबंधन बाद भी विमानों के किराए में कमी नजर नहीं आ रही है। चार से छह हजार रुपये किराये की जगह 20 हजार रुपये तक के टिकट लेकर यात्रियों को वापसी करनी पड़ रही है।
शनिवार को रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया है। इसके बाद लखनऊ से दिल्ली, बंगलुरु, पुणे, मुंबई आदि रूटों पर वापसी का सिलसिला शुरू हो गया। ट्रैवेल एजेंसियों के अनुसार रविवार के साथ सोमवार को भी विमानों में लोड रहा। लखनऊ से हैदराबाद की इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई 181 का किराया 10,054 रुपये पहुंच गया है। वहीं मुंबई की इंडिगो की फ्लाइट 6ई2058 का किराया 15,672 रुपये, दिल्ली की फ्लाइट एआई-2500 का किराया 20,050 रुपये, बंगलूरू की एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-1978 का किराया 14,650 रुपये व पुणे जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-118 का किराया 11,716 रुपये पहुंच गया है।