कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 10 जुलाई को अमेठी आएंगे। लोकसभा चुनाव हारने के बाद पहली बार वे अमेठी आ रहे हैं। राहुल के साथ ऑल इंडिया कॉग्रेस कमेटी के सेक्रेटरी जुबैद अहमद भी मौजूद रहेंगे।
अमेठी पहुंचकर राहुल गांधी गौरीगंज के एक इंस्टीट्यूट में कार्यकर्ताओं संग बैठक करेंगे। इसमें चुनाव में हुई हार की समीक्षा व आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। राहुल के आगमन कार्यक्रम तय होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
राहुल गौरीगंज के निर्मला इंस्टीट्यूट ऑफ वूमेन एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी में दोपहर 12 से तीन बजे तक कार्यकर्ताओं संग बैठक करेंगे। इस दौरान वे जिला से लेकर ग्राम स्तर के पदाधिकारियों की राय-विचार लेंगे। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश भी की करेंगे कि चुनाव में कहां-कहां चूक हुई।
बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं को खुलकर अपनी बात रखने की छूट होगी। राहुल के कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र ने बताया कि बैठक में जिला, विधानसभा क्षेत्र व ब्लॉक कमेटी के अलावा न्याय पंचायत व ग्राम पंचायत अध्यक्ष, मित्र संगठनों के पदाधिकारी व लोकसभा क्षेत्र के पार्टी के वरिष्ठ नेता व अन्य लोग मौजूद रहेंगे।