दो लाख ऐंठकर थमाया डूडा आवास का फर्जी आवंटन पत्र
लखनऊ। आलमबाग के भिलांवा तिराहा निवासी संगीता ने कोर्ट के आदेश पर दो लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट पारा थाने में दर्ज कराई है। इसमें रीना गुप्ता, उसके पति रवि, परिचित राजकुमार मिश्रा और पुष्पा चौरसिया को नामजद किया है। आरोप है कि डीएम के फर्जी हस्ताक्षर कर डूडा आवास का आवंटन पत्र सौंप कर रुपये ऐंठ लिए।
संगीता घरों में झाडू-पोछे का काम करती हैं। 2022 में राजकुमार ने उनकी मुलाकात रीना व पुष्पा से कराई थी। रीना ने पारा में मा. श्री कांशीरामजी शहरी गरीब आवास योजना के तहत डूडा आवास दिलाने का झांसा दिया था। 2023 को कब्जा दिला दिया और संगीता रहने लगीं। थोड़े दिन बाद बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर दस हजार रुपये और ले लिए, पर कनेक्शन नहीं मिला।
संगीता ने जब खोजबीन की तो पता चला कि ठगी के मामले में रीना जेल में बंद है। वह जिस आवास में रह रहीं हैं, उसका आवंटन पत्र भी फर्जी है। पीड़िता का आरोप है कि रीना ने अन्य लोगाें से भी करोड़ों की ठगी की है। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है।