उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद भाजपा के प्रदेश नेताओं पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने जिलों के पदाधिकारियों से उपचुनाव में भाजपा की हार के कारणों की जानकारी मांगी है।
यह जानकारी संघ के शीर्ष नेतृत्व के सामने रखी जाएगी। संघ नेतृत्व रिपोर्ट का विश्लेषण करके यूपी में आगे की स्थिति व चुनौतियों से निपटने के बारे में रणनीति बनाएगा। माना जा रहा है कि यह रिपोर्ट सूबे के भाजपा नेताओं के भविष्य का फैसला करने वाली होगी।
आरएसएस के क्षेत्र व प्रांत स्तर के शीर्ष पदाधिकारियों की बैठक 28 सितंबर को लखनऊ में बुलाई गई है। इसमें संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल व केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मधुभाई कुलकर्णी भी रहेंगे।
यह बैठक वैसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी अभियान ‘नमामि गंगे’ को धरातल पर उतारने की कार्ययोजना बनाने के लिए बुलाई गई है, लेकिन डॉ. कृष्ण गोपाल संघ की तरफ से उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड भाजपा के प्रभारी भी हैं।