शराब की लत ने एक परिवार को तबाह कर दिया। लखनऊ के गोसाईंगंज में सोमवार रात शराब पीने को लेकर हुए झगड़े के बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी तो उसके पति ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मंगलवार सुबह परिजनों ने दोनों के शव देखे तो चीख-पुकार मच गई।
इंस्पेक्टर धीरेंद्र प्रताप कुशवाहा ने बताया कि सिद्धपुरा गांव निवासी 40 वर्षीय मंशाराम मजदूरी करता था। वह शराब का लती था जिसके चलते रोज पत्नी रेनू से झगड़ा व मारपीट होती थी। दंपती में सुबह-शाम के झगड़े के चलते छह साल की बेटी पिंकी और चार वर्षीय बेटे पिंटू पास ही स्थित दादी रामेश्वरी, चाचा दिलीप व चाची अंजली के मकान में रहते थे।
सोमवार रात मंशाराम शराब के नशे में धुत होकर घर आया तो रेनू ने विरोध किया। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मंशाराम ने पत्नी के साथ मारपीट की। रेनू ने गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई। मुंह से झाग निकलने लगा। रेनू ने दम तोड़ दिया।