लखनऊ। गोमतीनगर में सोमवार सुबह महेश कुमार मिश्रा (25) ने फंदा लगा लिया। पुलिस की पूछताछ में फंदा लगाने से पहले महेश की घरवालों से कहासुनी होने की बात सामने आई है।
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि महेश मूलरूप से बाराबंकी में रामनगर के रहने वाले थे। 10 दिन पहले उनका मां और पिता से किसी बात पर विवाद हो गया था। इस पर महेश घर छोड़कर विजयखंड आ गए थे। वह किराये के मकान में रह रहे थे। हाल में ही में उनकी नौकरी कॉफी की दुकान में लग गई थी। इंस्पेक्टर के मुताबिक पूछताछ में बगल के कमरे में रहने वाले आशीष ने बताया कि सोमवार सुबह महेश का मोबाइल पर घरवालों से किसी बात पर झगड़ा हुआ था। इसके कुछ देर बाद सुबह करीब 9:50 बजे जब आशीष महेश के कमरे में पहुंचे तो देखा कि वह पंखे से बेल्ट के सहारे लटके हुए थे। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। इंस्पेक्टर ने बताया कि महेश के घरवालों को घटना की जानकारी दे गई है। उन्होंने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।