लखनऊ। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों को बड़ी सहूलियत दी है। अब डिप्लोमा इंजीनियरिंग, वास्तुकला और फार्मेसी पाठ्यक्रमों की संबद्धता तीन वर्ष के लिए मान्य होगी। इससे संस्थानों को हर वर्ष नवीनीकरण के लिए आवेदन नहीं करना पड़ेगा। यह बदलाव नए और पुराने दोनों तरह के पाठ्यक्रमों के संचालन में विस्तार और नवीनीकरण पर लागू होगा। राजकीय और निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में जुलाई से डिप्लोमा इंजीनियरिंग में प्रवेश काउंसिलिंग प्रस्तावित है। जिन संस्थानों ने अभी तक पाठ्यक्रमों के विस्तार के लिए आवेदन नहीं किया है, वे 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पहले हर वर्ष संबद्धता के लिए आवेदन करना होता था। नए नियम से निजी संस्थानों को समय के साथ नियमित पाठ्यक्रम संचालन में सहयोग मिलेगा।
राजकीय और निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में संबद्धता के लिए 30 जून तक यू राईज पोर्टल पर आवेदन किए जा सकेंगे। जनपदीय समिति को स्थलीय निरीक्षण और भौतिक सत्यापन रिपोर्ट 10 जुलाई तक परिषद को देनी होगी। रिपोर्ट के आधार पर संबद्धता की अनुमति मिलेगी। परिषद 15 जुलाई को संबद्धता विस्तार की जानकारी देगा। संबद्धता और नवीनीकरण के लिए 5900 रुपये का भुगतान करना होगा, जिसमें पांच हजार पंजीकरण शुल्क और 900 रुपये जीएसटी शामिल है।