सेना की फतेहपुर भर्ती रैली के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा पहली नवंबर को होगी। इसके लिए एडमिट कार्ड का वितरण 16 से शुरू किया जाएगा। मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि गत दो से 20 फरवरी तक उतर प्रदेश के 13 जिलों के लिए फतेहपुर में भर्ती रैली आयोजित की गई थी। अब इस भर्ती रैली के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) एक नवंबर को निर्धारित कर दी गई है।
मेडिकल फिट उम्मीदवारों को नए एडमिट कार्ड का वितरण 16 अक्टूबर से भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) लखनऊ में शुरू होगा। उन्होंने बताया कि मेडिकल में फिट उम्मीदवार उक्त परीक्षा के लिए वे अपना एडमिट कार्ड प्राप्त करें । उम्मीदवार जारी कोविड-19 से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें। कार्यालय परिसर में प्रवेश करते समय मास्क पहनना अनिवार्य है। बता दें कि कोरोना के कारण यह परीक्षा कई बार स्थगित की जा चुकी है लेकिन अब आर्मी भर्ती प्रशासन ने फैसला लिया है कि एक नवंबर को यह परीक्षा संपन्न होगी।
ये दस्तावेज हैं जरूरी
-मूल समीक्षा चिकित्सा पर्ची
-पिछला मूल एडमिट कार्ड
-सभी शैक्षिक/व्यक्तिगत दस्तावेजों के साथ प्रत्येक की दो फोटोकॉपी
-उम्मीदवारों की नवीनतम फोटो
इन जिलों के हैं परीक्षार्थी
औरैया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, गोंडा, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, लखनऊ महोबा और उन्नाव।