किंग जाॅर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में इस साल एमबीबीएस और बीडीएस के दाखिले समर्थ पोर्टल के माध्यम से होंगे। विश्वविद्यालय के डीन प्रो. वीरेंद्र आतम की ओर से इसका आदेश जारी किया गया है।
सरकार की मंशा सभी दाखिलों को केंदीकृत स्तर पर लाना है। इसके लिए समर्थ पोर्टल तैयार किया गया है। बीए, बीएससी और बीकाॅम जैसे परंपरागत पाठ्यक्रमों के दाखिले ज्यादातर विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही हो रहे हैं। अब मेडिकल के दाखिले भी समर्थ पर होने हैं। इसके लिए नीट काउंसलिंग के माध्यम से केजीएमयू पाने वाले अभ्यर्थियों को खुद को समर्थ पोर्टल पर पंजीकृत करना होगा। पंजीकरण के लिए अभ्यर्थियों को अपना फोटोग्राफ, हस्ताक्षर, नीट स्कोर कार्ड और परिचय पत्र अपलोड करना होगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को स्नातक कोर्स का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद सबमिट बटन पर क्लिक करना होगा।
46,600 रुपये है फीस
केजीएमयू में एमबीबीएस-बीडीएस की फीस 46,600 रुपये है। वहीं ओबीसी-एससी-एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह फीस 37,600 रुपये निर्धारित है। यह फीस भी समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा करनी होगी। फीस जमा करने के लिए ऑफलाइन विकल्प उपलब्ध नहीं होगा।