अब बीएससी नर्सिंग में नीट के जरिए प्रवेश मिलेगा। इसकी शुरुआत इसी सत्र से हो रही है। पहले चरण में प्रदेश के तीन मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा। हर कॉलेज में 40 सीटें तय की गई है। आनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया मंगलवार शाम से शुरू हो गई है, जो छह अप्रैल को दोपहर 11 बजे तक चलेगी।
राजकीय मेडिकल कॉलेजों में भी बीएससी नर्सिंग कोर्स शुरू हो रहा है। पहले चरण में तीन कॉलेजों को चुना गया है। इसेमं राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रयागराज, बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर और राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज शामिल हैं। यहां नीट यूजी 2021 की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को एडमिशन दिया जाएगा। जिन छात्रों ने एमबीबीएस या बीडीएस पाठ्यक्रम में सरकारी अथवा निजी कॉलेज में एडमिशन ले लिया है, वे इसके लिए पात्र नहीं होंगे।
इसका आनलाइन पंजीयन चार अप्रैल की शाम पांच बजे से छह अप्रैल को पूर्वान्ह 11 बजे तक चलेगा। छह को शाम तक मेरिट लिस्ट जारी होगी और सात को सीट आवंटन किया जाएगा। डीजीएमई एनसी प्रजापति ने बताया कि नीट यूजी 2021 में जिन छात्रों की मेरिट कम थी, उन्हें नर्सिंग बीएसएसी में मौका दिया जा रहा है। अभी तक केजीएमयू और अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय के जरिए बीएससी नर्सिंग में एडमिशन दिया जाता है।