गोरखपुर से भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने ध्रुवीकरण की संभावना से इंकार करते हुए कहा बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी से हारने की संभावना के कारण डर गए हैं। इसलिए उन्होंने मोदी के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ा।
आदित्यनाथ ने भरोसा जताया कि वाराणसी में मोदी को बड़ी जीत हासिल होगी। वह एकतरफा चुनाव जीतेंगे।
गौरतलब है कि मोदी के सामने मुश्किलें खड़ी करने के लिए मुख्तार ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया।
बताया जाता है कि वाराणसी में ढ़ाई लाख मुस्लिम वोटर हैं ऐसे में अगर ध्रुवीकरण होता है तो मोदी को मुश्किल हो सकती है।
कानून में जातिवाद का मतलब नहीं
योगी आदित्यनाथ ने योगगुरू बाबा रामदेव के बारे में कहा कि यह कहना गलत है कि वह यादव हैं इसलिए उन पर कार्रवाई नहीं हो रही है। कानून सब के लिए एक जैसा होता है।
गौरतलब है कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने एक बयान में कहा था कि रामदेव यादव हैं इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बाबा रामदेव ने राहुल गांधी के बारे में एक विवादित बयान दिया था। जिसे मायावती ने दलितों का अपमान बताकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
यह था रामदेव का बयान
बाबा रामदेव ने राहुल गांधी के बारे में कहा था कि मां सोनिया चाहती हैं कि राहुल देशी लड़की से शादी करें लेकिन राहुल विदेशी लड़की से शादी करना चाहते हैं।
वह हनीमून मनाने के लिए तो दलितों के घर जाते हैं, अगर वह किसी दलित लड़की से शादी करते तो देश के प्रधानमंत्री बन जाते।
जिसके बाद बाबा रामदेव के योग शिविरों पर भी रोक लगा दी गई है। रामदेव का एक योग शिविर अमेठी में भी प्रस्तावित था इसे भी कैंसिल कर दिया गया है।