परिवहन निगम दशहरा के अवसर पर 19 अक्तूबर को प्रदेश भर में अतिरिक्त बसें चलाएगा। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश निरस्त रहेंगे। मुख्य प्रधान प्रबंधक एचएस गाबा ने प्रदेश के क्षेत्रीय एवं सेवा प्रबंधकों को भेजे आदेश में कहा है कि दशहरा के पूर्व अथवा उसकी समाप्ति के तुरंत बाद यात्रियों का आवागमन अत्यधिक बढ़ जाता है।
इसलिए 17 से 22 अक्तूबर तक अधिक से अधिक बसों का संचालन किया जाए। उन्होंने कहा कि आनंद विहार-दिल्ली से टनकपुर, रूपैडिहा एवं सोनौली के यात्रियों की अत्यधिक भीड़ रहती है। ऐसे में क्षेत्रीय प्रबंधक गाजियाबाद समन्वय स्थापित कर आनंद विहार से यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार बसों का संचालन करें।
साथ ही नोएडा क्षेत्र सुनिश्चित करे कि आनंद विहार, सराय काले खां व कश्मीरी गेट से यात्रियों को नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के आवागमन के लिए पर्याप्त मात्रा में बसें उपलब्ध हों। क्षेत्रीय प्रबंधक सहारनपुर शाकुम्भरी देवी के दर्शनार्थी श्रद्धालुओं के लिए बसों की व्यवस्था करें।