अयोध्या। किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए अभियान शुरू किया गया है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर उर्वरक बिक्री केंद्रों पर लगातार निरीक्षण और छापेमारी हो रही है। इस अभियान के तहत अब तक दो उर्वरक लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिली हैं। किसानों की शिकायतों के आधार पर शनिवार को कार्रवाई हुई है। दो उर्वरक विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है। पांच विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में खरीफ 2026 के लिए पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध है। वर्तमान में यूरिया 45,043 मीट्रिक टन, डीएपी 8,399 मीट्रिक टन, एमओपी 1,150 मीट्रिक टन, एनपीके 8,465 मीट्रिक टन और एसएसपी 24,425 मीट्रिक टन का भंडार है।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि यदि कोई विक्रेता अधिक मूल्य पर उर्वरक बेचता है या जबरन टैगिंग करता है, तो इसकी शिकायत करें। शिकायत जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 9554741267 पर दर्ज कराई जा सकती है।