प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया पर नसीहत देने के मामले में सुल्तानपुर जिले के स्वॉट टीम प्रभारी को पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया। बदलापुर विधायक ने स्वॉट टीम प्रभारी की प्रमुख सचिव गृह से शिकायत की थी।
सोशल मीडिया पर गत दिनों जिले के स्वॉट टीम प्रभारी इंस्पेक्टर आजाद केशरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नसीहत देते हुए एक पोस्ट डाली थी। यह पोस्ट फेसबुक पर आजाद सिंह नाम की आईडी से डाली गई थी।
जौनपुर जिले के बदलापुर विधायक रमेश मिश्र ने प्रमुख सचिव गृह से की गई शिकायत में कहा कि आजाद सिंह के कार्य से बीजेपी कार्यकर्ताओं में रोष है। इनके खिलाफ उच्च स्तरीय जांच करवाकर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आजाद केशरी की ओर से डाली गई पोस्ट की छाया प्रति भी पत्र के साथ भेजी थी। मंगलवार सुबह एसपी अमित वर्मा ने स्वॉट टीम प्रभारी पद से आजाद सिंह केशरी को हटाते हुए लाइन हाजिर कर दिया। एसपी अमित वर्मा ने बताया कि उन्होंने सोशल साइट पर चल रही बातों का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है।
मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक मीनाक्षी कात्यायन को सौंपी गई है। जांच के बाद ही आजाद सिंह केशरी पर लगे आरोपों के विषय में कुछ कहा जा सकता है।