लखनऊ में अपराध से करोड़ों-अरबों की संपत्ति बनाने वाली बड़ी मछलियों पर कानूनी शिकंजा कसने जा रहा है। पुलिस आयुक्त ने गैंगस्टर के आरोपी बिल्डर और अपराधियों पर कार्रवाई का खाका तैयार कर लिया है। 306 गैंगस्टर की संपत्तियों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। बुधवार को अधिकारियों ने जिला प्रशासन के अफसरों संग बैठक कर इस पर चर्चा की।
इसमें रोहतास कंपनी के एमडी परेश रस्तोगी, उसके भाइयों व निदेशकों समेत कई बिल्डर व कुख्यात अपराधी शामिल हैं। रोहतास डवलपर्स कंपनी के एमडी परेश रस्तोगी, पीयूष रस्तोगी, दीपक रस्तोगी, पंकज और रोहित समेत कई निदेशकों व अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी व ठगी के 50 से अधिक केस दर्ज हैं।
कंपनी ने 2011 व 2013 में रायबरेली, सुल्तानपुर रोड पर 111 व 210 एकड़ जमीन पर हाईटेक टाउनशिप बनाने का झांसा देकर चार हजार लोगों से 15 करोड़ से अधिक रकम ठगी थी। विभूतिखंड में कंपनी ने जो प्रेसीडेंशियल टावर और प्लूमेरिया अपार्टमेंट बनाया, वहां रह रहे 1200 आवंटियों के फ्लैट गिरवी रखकर करोड़ों हड़प लिए और रकम नोएडा के प्रोजेक्ट में लगा दी थी। किस्त न मिलने पर बैंक ने जब आवंटियों के फ्लैट में नोटिस चस्पा की तब फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था। सिर्फ हजरतगंज कोतवाली में ही 133 लोगों ने डेढ़ अरब की ठगी के आरोप में केस कराया था।