माफिया के विरुद्ध छेड़े गए अभियान के क्रम में पुलिस प्रशासन ने माफिया खान मुबारक के हरसंभार गांव स्थित घर को रविवार को ढहा दिया। लगभग सवा करोड़ कीमत का यह घर गांव के बाहर बीते दिनों ही बनाया गया था। इतना ही नहीं, गांव में बने लगभग एक करोड़ कीमत वाले पुराने घर को भी पुलिस ने सील कर दिया। अभियान का नेेतृत्व एसपी आलोक प्रियदर्शी ने स्वयं किया। रविवार दोपहर एसपी आलोक प्रियदर्शी हंसवर थाना क्षेत्र के हरसंभार गांव स्थित सरगना खान मुबारक के घर पहुंचे। वहां पहले से ही एसडीएम टांडा अभिषेक पाठक व सीओ संतोष कुमार के अलावा कई थानाध्यक्ष भारी दल-बल व पीएसी टीम के साथ मौजूद थे।
पुलिस ने इसके बाद जेसीबी से हरसंभार गांव के बाहर बीते दिनों ही माफिया सरगना द्वारा बनवाए गए दोमंजिला घर को ढहाना शुरू कर दिया। इससे पहले घर में रखे गए सामान को बाहर निकलवाकर जब्त कर लिया गया है। घर गिराने की प्रक्रिया शुरू होने से पहले आसपास के इलाकों में मौजूद नागरिकों को एहतियातन मौके से हटा दिया गया। पुलिस टीम ने घर के चारों तरफ कड़ा पहरा बिठा रखा था ताकि कोई अनहोनी न होने पाए।
खान मुबारक का नया घर हरसंभार गांव के बाहर टांडा-हंसवर मुख्य मार्ग के ठीक निकट बना है। ऐसे में पुलिस टीम ने जब माफिया के घर को गिराने की कार्रवाई शुरू की तो टांडा-हंसवर मार्ग पर आवागमन दोनों तरफ से रोक दिया गया। टांडा व हंसवर दोनों तरफ न सिर्फ बैरियर लगा दिए गए वरन चार पहिया वाहनों का डायवर्जन भी कर दिया गया। ऐसा इसलिए ताकि घर गिराने की प्रक्रिया के दौरान कोई अप्रिय स्थिति न हो सके। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि गैंगेस्टर एक्ट के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की गई है। इसमें काली कमाई से बनाई गई संपत्ति को नष्ट करने के साथ ही उसे कब्जे में लेने का अधिकार होता है। एसपी ने बताया कि जिस घर को ढहाया गया है, उसकी कुल कीमत लगभग 1.36 करोड़ रुपये है। माफिया सरगना खान मुबारक के हरसंभार गांव के बाहर बने घर को ध्वस्त करने के साथ ही पुलिस टीम ने गांव के अंदर बने उसके पुश्तैनी घर को सील कर दिया। पुलिस के अनुसार सील कर जब्त किए गए पुराने घर की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है।
उधर, नए घर को ध्वस्त करने तथा पुराने घर को सील करने की प्रक्रिया से पहले वहां मौजूद तमाम सामान एक-एक कर बाहर निकाल लिये गये। इनमें घरेलू उपयोग से लेकर राशन समेत कई अन्य तरह के सामान शामिल थे। इन सभी को जब्त करते हुए अधिकारियों ने उसे हंसवर थाने भेज दिया।
बदमाशों के विरुद्ध जारी रहेगी मुहिम
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि गैंगेस्टर एक्ट के तहत बदमाशों के विरुद्ध तेजी से कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कई बड़ी कार्रवाई अमल में आएंगी। बदमाशों का नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त हो रहा है। इससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी।