रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित चुरूवा गांव में सोमवार रात घर के बाहर सो रहे पति पत्नी पर एसिड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बछरावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चुरूवा गांव निवासी दल बहादुर पुत्र स्वर्गीय अयोध्या सिंह अपनी पत्नी संगीता सिंह व लड़के सौरभ सिंह व लड़की लक्ष्मी सिंह के साथ घर के बाहर चारपाई पर अलग-अलग सो रहे थे तभी रात लगभग दो बजे उसके बड़े भाई शिवकरन सिंह व उसकी पत्नी राजकुमारी ने अयोध्या व संगीता के ऊपर एसिड डाल दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी सूचना बछरावां पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे दोनों पति-पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया। जहां इलाज के बाद दोनों को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कोतवाल रावेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित के पुत्र सौरभ सिंह की तहरीर पर शिवकरन सिंह, राजकुमारी सिंह व सूरज त्रिपाठी पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।