लखनऊ। पारा में मंगलवार दोपहर दुकान पर काम करने वाले गणेशगंज निवासी गोविंद शर्मा को पांच लोगों ने पीट दिया। गोविंद ने आरोपियों पर पिस्टल सटा कर उनके 20 हजार रुपये और मोबाइल लूटने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धारा में एफआईआर दर्ज कराई है।
मूलरूप से राजस्थान के चूरू निवासी गोविंद के मुताबिक वह गणेशगंज में बड़े भाई लीलाधर शर्मा के साथ रहते हैं। मंगलवार दोपहर वह दोस्त मनीष के साथ स्कूटी से बुद्धेश्वर मंदिर जा रहे थे। आरोप है कि जलालपुर फाटक के पास पहुंचने पर पांच अज्ञात लोग उनके पास मंदिर का रास्ता पूछने आए। आरोपियों ने उनकी कमर पर पिस्टल सटा कर जमकर पीटा। फिर लूटपाट कर भाग निकले। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह के मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आया है कि स्कूटी और आरोपियों के वाहनों में टक्कर हो गई थी। ऐसे में आरोपियों ने पीड़ित को पीटा था। जांच में लूट की बात सामने नहीं आई है।